Ranchi Updates
الذهاب إلى القناة على Telegram
Ranchi Updates - A platform which keeps you updated about our city- Ranchi. Ranchi Updates is inspired by people and their love for Ranchi. We dedicate the page to the wonderful place on planet Earth - Ranchi. Thank you for joining Ranchi Updates.
إظهار المزيد1 633
المشتركون
-424 ساعات
-127 أيام
-2130 أيام
أرشيف المشاركات
1 633
राँची नगर निगम ने शहर में स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू, नसबंदी और टीकाकरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में निगम द्वारा दो नए डॉग कैचिंग वाहनों की खरीद की गई है। गुरुवार, 11 जून 2026 को निगम कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में माननीया महापौर श्रीमती रोशनी खलखो और माननीय उप महापौर श्री नीरज कुमार ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निगम प्रशासन का कहना है कि नए वाहनों के संचालन से आवारा कुत्तों के सुरक्षित रेस्क्यू, समयबद्ध नसबंदी तथा टीकाकरण कार्यों में तेजी आएगी। इससे शहर में पशु कल्याण के साथ-साथ जनसुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
1 633
मैच का परिणाम चाहे जो रहा हो, छोटानागपुर रॉयल्स ने जीत लिया 650 बच्चों का दिल।
झारखंड प्रीमियर लीग (जेपीएल) टी-20 के उद्घाटन मुकाबले में मैच का नतीजा भले ही कुछ भी रहा हो, लेकिन छोटानागपुर रॉयल्स ने अपनी एक खास पहल से 650 बच्चों और शिक्षकों का दिल जरूर जीत लिया। टीम की ओर से विद्यार्थियों और शिक्षकों को पहली बार जेएससीए स्टेडियम में लाइव क्रिकेट मैच देखने का अवसर दिया गया। कई बच्चों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा अनुभव था। स्टेडियम का रोमांच, खिलाड़ियों को सामने से देखने का उत्साह और क्रिकेट के प्रति उनका जुनून पूरे दिन देखने को मिला। बच्चों और शिक्षकों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। छोटानागपुर रॉयल्स की इस पहल ने साबित किया कि खेल सिर्फ जीत-हार का नाम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम भी है।
1 633
राँची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी में बुधवार शाम गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि द जिम के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल की पहचान शमशेर के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है।
1 633
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बुधवार को झारखंड विधानसभा परिसर के बाहर उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब निर्दलीय एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र को तकनीकी कारणों से होल्ड पर रखे जाने की खबर सामने आई। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दस्तावेजों में कथित तकनीकी गड़बड़ी मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कांग्रेस के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता एकजुट होकर परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग कर रहे हैं। वहीं विधानसभा के गेट नंबर-2 के पास भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया, जिससे नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। भाजपा समर्थकों का कहना है कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परिसर के भीतर प्रदर्शन की अनुमति दी गई है तो उन्हें भी अंदर जाने दिया जाए, अन्यथा कांग्रेस नेताओं को बाहर निकाला जाए।
नामांकन को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदल गया है और विधानसभा परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
1 633
+6
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मंगलवार को राँची के कोकर स्थित उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा एवं समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उनके संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए।
#BirsaMunda #RanchiUpdates #HemantSoren #SantoshGangwar #RanchiNews
1 633
राँची नगर निगम ने सरकारी भूमि और नालों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सरकारी जमीन एवं नालों के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए 5 निर्माणों को ध्वस्त कर हटाया गया।
नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए नालों और नालियों के मार्ग में बाधा बन रहे अवैध ढांचों को हटाया। निगम के अनुसार, इससे जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी और वर्षा ऋतु के दौरान जल-जमाव की समस्या को कम किया जा सकेगा।
नगर निगम ने कहा कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक संपत्तियों और नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। ऐसे अतिक्रमण न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि जल निकासी व्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं, जिससे बरसात में लोगों को परेशानी होती है।
निगम ने नागरिकों से सरकारी भूमि एवं नालों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
1 633
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी मुकाबला अब पूरी तरह रोचक हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से बैजनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नथवानी मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों ने दो-दो सेट में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस बीच, नामांकन के अंतिम दिन परिमल नथवानी ने भी अपनी दावेदारी पेश करते हुए जीत का भरोसा जताया।
नामांकन के बाद परिमल नथवानी ने कहा कि उन्हें सभी दलों का समर्थन प्राप्त है और पिछले दो कार्यकालों में उन्होंने झारखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने स्वयं को बाहरी बताए जाने की धारणा को खारिज करते हुए कहा कि झारखंड उनकी कर्मभूमि है और वे सभी दलों के साथ मिलकर काम करने में विश्वास रखते हैं।
हालांकि परिमल नथवानी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है, लेकिन उनके समर्थन में एनडीए के विधायक खुलकर सामने आए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा नेताओं की मौजूदगी और बाद में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कक्ष में एनडीए विधायकों के साथ हुई बैठक ने राज्यसभा चुनाव के सियासी समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है।
1 633
+4
10 जून से शुरू होने जा रही झारखंड टी-20 लीग को लेकर छोटानागपुर रॉयल्स ने सोमवार को राँची के हिनू स्थित हिल टॉप नेक्सा में अपनी ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया। कार्यक्रम में टीम के खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ, प्रबंधन, प्रायोजक और अन्य अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर टीम के मालिक आदित्य धानुका और सह-मालिक जे पी सिंघानिया ने कहा कि छोटानागपुर रॉयल्स का उद्देश्य झारखंड की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना और राज्य की खेल संस्कृति को मजबूत करना है। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य कोच ईशांक जग्गी ने कहा कि झारखंड टी-20 लीग खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं कप्तान विराट सिंह और उपकप्तान मोहम्मद नदीम सिद्दीकी ने टीम की तैयारियों पर विश्वास जताते हुए बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान टाइटल स्पॉन्सर हिल टॉप मोटर्स के मालिक शिव कुमार भी उपस्थित रहे।
छोटानागपुर रॉयल्स अब 10 जून से शुरू होने वाली झारखंड टी-20 लीग के लिए पूरी तरह तैयार है और खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने को उत्सुक है।
1 633
राँची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में कार्यरत रात्रि प्रहरी स्वर्गीय बिरसा मुंडा के निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शनिवार को जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति, बड़कागढ़, धुर्वा एवं जिला प्रशासन की ओर से मृतक की पत्नी रूपन देवी को 5 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी गई। यह निर्णय मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में लिया गया था। सहायता राशि वितरण कार्यक्रम में मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एन.एन. पांडे, प्रथम सेवक (सेवाइत) ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सचिव प्रसन्न कुमार, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, सदस्य कमल ठाकुर, गोपाल उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से स्मृति कुमारी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
1 633
राँची यातायात पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान चार पहिया, दो पहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की जांच की गई। जांच में सबसे अधिक 2082 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे गए। इसके अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1176, रेड लाइट जंप करने पर 197, ओवरस्पीडिंग पर 56 तथा गलत दिशा में वाहन चलाने पर 48 चालान जारी किए गए।
यातायात पुलिस के अनुसार 6 जून को कुल 3785 चालान काटे गए, जबकि 1 जून से 6 जून के बीच विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में कुल 20,420 चालान जारी किए जा चुके हैं। पुलिस ने लोगों से मोटर वाहन अधिनियम का पालन करने और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
1 633
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राँची में जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुट गया है। तालाब, नदी और डैम के कैचमेंट क्षेत्रों में बने अवैध निर्माणों की पहचान के लिए लगातार सर्वे और मापी की जा रही है। इसी अभियान के तहत शनिवार को प्रशासनिक अधिकारी जेसीबी और बुलडोजर के साथ धुर्वा स्थित फटयाटोली पहुंचे, जहां करीब 40 से 50 मकानों को हटाने की तैयारी की गई थी।
प्रशासन की कार्रवाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और विरोध जताने लगे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि वे दशकों से इस इलाके में निवास कर रहे हैं तथा अपनी मेहनत की कमाई से घर बनाए हैं। उनका दावा है कि उनके पास वर्ष 2027 तक वैध कागजात मौजूद हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में भी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने प्रयास किया था, लेकिन स्थानीय लोगों के तीव्र विरोध के कारण अभियान सफल नहीं हो सका था।
1 633
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर 18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस द्वारा प्रणव झा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भी अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष बैजनाथ राम को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।
पार्टी प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने बैजनाथ राम के नाम की आधिकारिक घोषणा की। अनुसूचित जाति समुदाय के प्रभावशाली नेता माने जाने वाले बैजनाथ राम 8 जून को मुख्यमंत्री एवं झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे।
इस बीच राज्यसभा चुनाव में नया मोड़ तब आया जब उद्योगपति परिमल नाथवानी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र खरीद लिया। कांग्रेस, झामुमो और संभावित निर्दलीय दावेदारी के बीच मुकाबला रोचक होता जा रहा है।
1 633
+7
रातू थाना क्षेत्र के काटू लहना में रोहित मिर्धा की कथित हत्या के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने मखमंदरों चौक के पास राँची-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग (NH-75) जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठन तथा सभी आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि रोहित मिर्धा की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या की गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। गौरतलब है कि 3 जून को रोहित को छेड़खानी का आरोपी बताकर कथित रूप से पीटा गया था। मृतक के पिता उदित मिर्धा ने जमीन विवाद और बेटे को झूठे आरोप में फंसाने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
1 633
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर 5 जून को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम से पहले झारखंड वन विभाग ने आज राँची में वॉकथोन और साइक्लोथोन का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। यह कार्यक्रम प्रधान मुख्य वन संरक्षक (HoFF) श्री संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
डोरंडा स्थित पलाश सभागार से हिनू तक निकाली गई वॉकथोन में लगभग 300 लोगों ने भाग लिया। वहीं साइक्लोथोन में करीब 150 साइक्लिस्टों ने पलाश सभागार से ऑक्सीजन पार्क तक की यात्रा की। मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) श्री एस.आर. नटेश ने साइक्लोथोन का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम में पीसीसीएफ विश्वनाथ शाह, ए.टी. मिश्रा, राजीव रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। श्री संजीव कुमार ने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का विषय “जलवायु परिवर्तन से सुरक्षा” है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। वन विभाग पूरे सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
1 633
झारखंड में महिला क्रिकेट को नई पहचान और बेहतर अवसर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) ने राँची स्थित जेएससीए स्टेडियम के ओवल ग्राउंड में झारखंड विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का शुभारंभ किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह लीग राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में छोटानागपुर ब्लास्टर्स, कोल्हान डायनामोज, पलामू वॉरियर्स और संथाल चैलेंजर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
टूर्नामेंट के पहले दिन की शुरुआत कोल्हान डायनामोज और छोटानागपुर ब्लास्टर्स के बीच मुकाबले से हुई। इसके बाद दूसरा मैच संथाल चैलेंजर्स और पलामू वॉरियर्स के बीच खेला गया। पहले मुकाबले में कोल्हान डायनामोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर्स को पराजित किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में संथाल चैलेंजर्स ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पलामू वॉरियर्स को शिकस्त दी और जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
1 633
राँची के नेवरी स्थित रिंग रोड के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
1 633
राँची के ललगुटुवा क्षेत्र में एक एल्बिनो रैट स्नेक मिला है। लगभग 30 सेंटीमीटर लंबे और करीब एक सप्ताह उम्र के इस सांप का रेस्क्यू सर्प मित्र उमा कुमार और शुभम कुमार ने किया। रेस्क्यू के बाद इसे सुरक्षित स्थान पर संरक्षित किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, आनुवंशिक उत्परिवर्तन (Genetic Mutation) के कारण इस सांप के शरीर में मेलेनिन का निर्माण नहीं हो पाता। इसी वजह से इसका शरीर दूधिया सफेद दिखाई देता है, जबकि इसकी आंखों का रंग लाल या गुलाबी होता है। एल्बिनो रैट स्नेक दुर्लभ माने जाते हैं।
1 633
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने ANM, GNM, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों एवं अन्य चिकित्सकीय पदों पर रिक्तियों को जल्द भरने का आदेश दिया ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
एम्बुलेंस सेवा को लेकर मिल रही शिकायतों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने ओला-उबर मॉडल की तर्ज पर राज्यव्यापी एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर तैयार करने को कहा। साथ ही रेफरल सिस्टम के ऑडिट, स्वास्थ्य निदेशालयों के पुनर्गठन और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों के लिए अलग स्वास्थ्य कार्ययोजनाएं बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नेत्र जांच शिविर, ABHA कार्ड अभियान, मेडिकल कॉलेजों में सीट वृद्धि, ब्लड बैंक सुविधाओं के विस्तार तथा आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों के ऑडिट पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अबुआ दवाखाना योजना को जल्द शुरू करने और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
1 633
राजधानी राँची की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक के छोटे-बड़े दुकानदारों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, रेडी-ठेला संचालन तथा यातायात बाधित करने वाले अन्य कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से यातायात सुधार को लेकर सुझाव भी लिए और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि वे अपनी दुकानों के सामने रेडी, ठेला या अन्य अस्थायी दुकानें न लगने दें। साथ ही ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने को कहा गया, ताकि पैदल यात्रियों के लिए मार्ग बाधित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
متاح الآن! بحث تيليغرام 2025 — أهم رؤى العام 
